अगर आपको लगता है कि Android का लुक साल दर साल एक जैसा रहता है, तो अगला अपडेट आपको हैरान कर सकता है। जानकारी मिल रही है कि Google अगले साल आने वाले Android 17 के साथ सिस्टम के पूरे लुक-फील में बड़ा बदलाव ला सकता है। इस नए अपडेट की खासियत होगी एक ‘ब्लर’ और पारदर्शी डिज़ाइन, जो Apple के iOS जैसा अनुभव दे सकता है।
इंटरनल लीक्स के मुताबिक, Google का फोकस अब तेज़ किनारों और सपाट रंगों से हटकर डेप्थ और लेयर्स पर होगा। Android 17 में सिस्टम के कई हिस्से, जैसे वॉल्यूम कंट्रोल, पावर मेन्यू और अन्य पॉप-अप मेन्यू, अब एक ठोस बार में दिखने की बजाय एक सेमी-ट्रांसपेरेंट यानी अर्ध-पारदर्शी बैकग्राउंड पर तैरते हुए नज़र आएंगे। इसका मतलब यह है कि जब आप वॉल्यूम बढ़ा-घटा रहे होंगे, तो उसके पीछे आपका वॉलपेपर या चल रहा ऐप धुंधला दिखाई देता रहेगा।
Google ने यह प्रयोग पहले ही Android 16 के नोटिफिकेशन और क्विक सेटिंग्स पैनल में ‘जेंटल ब्लर’ के रूप में शुरू किया था। कंपनी का कहना था कि इससे स्क्रीन पर गहराई का अहसास होता है और जानकारी को समझना आसान हो जाता है। अब Android 17 में यह ब्लर इफेक्ट पूरे सिस्टम में फैल सकता है। हालांकि, रिपोर्ट्स यह भी कहती हैं कि Google का यह नया डिज़ाइन Apple के मुकाबले ज़्यादा सूक्ष्म और संयत होगा। पूरे इंटरफ़ेस को एक ही बार में बदलने के बजाय, बदलाव बहुत हल्के होंगे।
यह भी पढ़ें: आइफोन यूजर्स के लिए बड़ी खबर! एप्पल ने एक ही दिन जारी किए नया iOS अपडेट और AirTag 2
स्क्रीन रिकॉर्डर और एप लॉक जैसे नए फीचर्स भी
सिर्फ़ डिज़ाइन ही नहीं, Android 17 कई नए फीचर्स भी ला सकता है। लीक्स के अनुसार, स्क्रीन रिकॉर्डिंग टूल पूरी तरह से बदल सकता है। मौजूदा पॉप-अप के स्थान पर एक छोटा ‘फ्लोटिंग पिल’ कंट्रोल दिखेगा, जो रिकॉर्डिंग शुरू करने और ऑडियो स्रोत चुनने में आसानी देगा। यूजर्स को रिकॉर्डिंग पर ड्रॉ करने और शेयर करने से पहले प्रीव्यू देखने का विकल्प भी मिल सकता है।
एक और बड़ा फीचर हो सकता है नेटिव ‘एप लॉक’। इसकी मदद से यूजर्स बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप के, सीधे सिस्टम सेटिंग से ही किसी भी ऐप को अपने पिन, पैटर्न या फिंगरप्रिंट से लॉक कर सकेंगे। यह प्राइवेसी के लिहाज से एक बड़ी सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें: विंडोज 11 अपडेट ने मचाई तबाही: कुछ कंप्यूटर हुए ‘बेसुध’, आउटलुक भी ठप!
क्विक सेटिंग्स में भी बदलाव और पुराने फोन के लिए चुनौती
Android 17 की क्विक सेटिंग्स और नोटिफिकेशन पैनल का लेआउट भी बदल सकता है। फोल्डेबल्स और टैबलेट्स जैसे बड़ी स्क्रीन वाले डिवाइसों पर नोटिफिकेशन और क्विक सेटिंग्स अलग-अलग पैनल में दिखाई दे सकते हैं। साथ ही, Wi-Fi और मोबाइल डेटा के टॉगल, जिन्हें पहले एक साथ मिला दिया गया था, अलग-अलग भी किए जा सकते हैं।
हालांकि, इस नए डिज़ाइन को लेकर एक चिंता पुराने Pixel स्मार्टफोन्स के परफॉर्मेंस को लेकर भी है। ब्लर इफेक्ट प्रोसेसिंग पावर ज़्यादा ले सकते हैं, जिससे पुराने डिवाइस धीमे हो सकते हैं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह डिज़ाइन केवल सिस्टम ऐप्स तक सीमित रहेगा या थर्ड-पार्टी ऐप्स में भी दिखेगा।
Google ने अभी तक इनमें से किसी भी बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। माना जा रहा है कि Android 17 का डेवलपर पूर्वावलोकन अगले साल की शुरुआत में आ सकता है, जबकि स्थिर वर्जन मध्य-2026 तक रिलीज़ हो सकता है। अगर ये लीक्स सच साबित होती हैं, तो Android 17 उपयोगकर्ताओं को एक ताज़ा, आधुनिक और ज़्यादा सुविधाजनक अनुभव देने वाला है।

