मार्च 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही नथिंग फोन 4a सीरीज के बारे में नई जानकारी सामने आने लगी है। इस सीरीज के प्रो मॉडल, यानी नथिंग फोन 4a प्रो की कुछ अहम जानकारी यूरोपीय यूनियन की एक सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर लीक हो गई है। हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी भी डिवाइस की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस लिस्टिंग से पता चलता है कि नया फोन जल्द ही बाजार में उतर सकता है।
यूरोपीयन प्रोडक्ट रजिस्ट्री फॉर एनर्जी लेबलिंग (EPREL) पर ‘A069P’ मॉडल नंबर वाले डिवाइस की एंट्री मिली है, जिसे आने वाले नथिंग फोन 4a प्रो से जोड़कर देखा जा रहा है। इस लिस्टिंग से फोन की बैटरी, उसकी टिकाऊपन और सॉफ्टवेयर सपोर्ट से जुड़े कई अहम फैक्ट्स सामने आए हैं।
क्या कहती है लिस्टिंग?
लिस्टिंग के मुताबिक, नथिंग फोन 4a प्रो में 5,080MAh की बैटरी दी जाएगी, जिसे 50W की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। दिलचस्प बात यह है कि इसकी बैटरी को 1,400 चार्ज साइकिल तक चलने के लिए रेट किया गया है। मतलब, इतने चार्ज साइकिल के बाद भी बैटरी की क्षमता अपने मूल स्तर के 80 प्रतिशत तक बनी रहेगी। इससे यूजर्स को लंबे समय तक बैटरी के अच्छे परफॉर्मेंस की उम्मीद कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: अब Google Photos में तस्वीरों से बनाएं ज़िंदा यादें, जानें कैसे
फोन को IP65 रेटिंग मिलने की भी बात सामने आई है। यह रेटिंग फोन को धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा देती है। साथ ही, ईयू रिपेयरेबिलिटी स्केल पर फोन को ‘सी’ ग्रेड मिला है, जो यह बताता है कि फोन की मरम्मत करने में कितनी आसानी या मुश्किल हो सकती है।
पांच साल तक मिलेंगे सिक्योरिटी अपडेट
EPREL लिस्टिंग में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात है सॉफ्टवेयर सपोर्ट की जानकारी। इसके मुताबिक, Nothing Phone 4a Pro को कम से कम पांच साल तक ऑपरेटिंग सिस्टम के सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे। इसी तरह, करेक्टिव और फंक्शनल अपडेट्स का भी कम से कम पांच साल का समर्थन रहेगा। यह कदम यूजर्स के लिए एक अच्छी खबर है, क्योंकि इससे फोन की उम्र लंबी होगी और वह लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा।
यह भी पढ़ें: यूएस आर्मी का बड़ा दांव: सैल्सफोर्स को AI और डेटा सिस्टम्स के लिए 5.6 अरब डॉलर का ठेका मिला
क्या होगा अपग्रेड?
पहले से लीक हुई जानकारियों के आधार पर माना जा रहा है कि नथिंग फोन 4a प्रो में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 7s जेन 4 चिपसेट दिया जा सकता है। साथ ही इसमें 12 जीबी रैम और यूएफएस 3.1 स्टोरेज मिल सकती है। हालांकि, बैटरी के मामले में यह फोन अपने पिछले वर्जन, नथिंग फोन 3a प्रो से बहुत बड़ी छलांग नहीं लगाता दिख रहा। 3a प्रो में भी 5,000 एमएएच की बैटरी और 50W चार्जिंग सपोर्ट था। इसलिए बैटरी लाइफ में फर्क सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और नए चिपसेट की दक्षता पर निर्भर करेगा।
क्या होगी कीमत और कब होगी लॉन्च?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में नथिंग फोन 4a प्रो की कीमत 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट के लिए करीब 49,000 रुपये रखी जा सकती है। फोन ब्लैक, ब्लू, पिंक और व्हाइट कलर ऑप्शन्स में लॉन्च हो सकता है। कंपनी ने पिछले साल भी मार्च में ही फोन 3a सीरीज लॉन्च की थी, इसलिए इस बार भी मार्च 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: Android 17 आया तो दिखेगा iPhone जैसा! Google ला रहा है बड़ा ‘ग्लासी’ अपडेट, जानें क्या होगा नया
इसके अलावा, नथिंग ने भारत में अपनी पहली फ्लैगशिप स्टोर खोलने की योजना भी जाहिर की है। ऐसे में, फोन 4a प्रो को ऑफलाइन मार्केट में भी अच्छी पहचान मिल सकती है। बीआईएस सर्टिफिकेशन जैसे भारतीय प्लेटफॉर्म पर भी फोन के मॉडल नंबर की मौजूदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि कंपनी भारतीय बाजार के लिए तैयारियां पूरी कर रही है। अब देखना यह है कि यह नया फोन प्रीमियम मिड-रेंज सेगमेंट में कितना धमाल मचा पाता है।

