क्या आप भी सोशल मीडिया के लिए आकर्षक पोस्ट, प्रेजेंटेशन या विडियो बनाना चाहते हैं, लेकिन महंगे सॉफ्टवेयर या डिज़ाइन के जटिल टूल्स की वजह से ऐसा नहीं कर पाते? अगर आप एयरटेल के ग्राहक हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन खबर है। एडोब और भारती एयरटेल ने हाथ मिलाया है और इस साझेदारी के तहत करोड़ों एयरटेल यूजर्स को एक साल के लिए एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम सदस्यता मुफ्त में मिल रही है, जिसकी सालाना कीमत लगभग 4,000 रुपये है।
यह पेशकश भारत में बढ़ते क्रिएटर इकोसिस्टम को ध्यान में रखकर की गई है। आज के दौर में स्टूडेंट, फ्रीलांसर, छोटे बिज़नेस मालिक और कंटेंट क्रिएटर भी प्रोफेशनल दिखने वाली डिज़ाइन और विडियो कंटेंट बनाना चाहते हैं। Adobe Express एक ऐसा ही आसान प्लेटफॉर्म है, जहां बिना किसी खास ट्रेनिंग के, प्री-मेड टेम्पलेट्स और एआई टूल्स की मदद से मिनटों में आकर्षक कंटेंट बनाया जा सकता है।
कौन है पात्र और कैसे पाएं यह मुफ्त सब्सक्रिप्शन?
यह ऑफर एयरटेल के मोबाइल प्रीपेड और पोस्टपेड ग्राहकों, एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर ब्रॉडबैंड यूजर्स और एयरटेल डिजिटल टीवी सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है। इसे एक्टिवेट करने के बाद सब्सक्रिप्शन 12 महीने तक वैध रहेगा। इसे एक्टिवेट करना भी बेहद आसान है। यूजर्स को बस एयरटेल ‘थैंक्स’ ऐप को ओपन करना है और वहां से इस डिजिटल बेनिफिट को क्लेम करना है। ध्यान रहे, इसे एक्टिवेट करने के लिए किसी क्रेडिट कार्ड की जानकारी देने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें: नहीं लगेगी अब बैटरी की टेंशन! realme ने भारत में उतारा 10,001mAh बैटरी वाला ‘पावरहाउस’ फोन
मिलेंगी ये सभी खास सुविधाएं:
मुफ्त प्रीमियम सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को कई उन्नत फीचर्स मिलेंगे:
- हर महीने 250 जेनरेटिव एआई क्रेडिट्स।
- सभी प्रीमियम इमेज और विडियो टेम्पलेट्स तक पहुंच।
- 20 करोड़ से ज्यादा एडोब स्टॉक फोटो, विडियो और डिज़ाइन एलिमेंट्स।
- 30,000 से अधिक फॉन्ट्स वाली पूरी एडोब फॉन्ट्स लाइब्रेरी।
- विडियो बैकग्राउंड रिमूवल, सोशल मीडिया साइट्स के लिए बल्क रीसाइजिंग जैसे टूल्स।
- 100 जीबी का क्लाउड स्टोरेज।
इसके अलावा, प्लेटफॉर्म पर अंग्रेजी के साथ-साथ आठ भारतीय भाषाओं – हिंदी, बांग्ला, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, पंजाबी, तमिल और तेलुगू में भी सहायता उपलब्ध है। यह सुविधा स्थानीय भाषाओं में कंटेंट बनाने वालों और छोटे व्यवसायों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।
यह भी पढ़ें: एक साथ आए पांच नए मोटोरोला फोन! एज 70 फ्यूजन के मजबूत स्पेक्स और G सीरीज़ के चार नए मॉडलों का खुलासा
एडोब के क्रिएटिविटी एंड प्रोडक्टिविटी बिजनेस के प्रेसिडेंट डेविड वाधवानी ने कहा, “हम भारत के जीवंत क्रिएटर इकोसिस्टम के विकास को गति देने और लोगों को उनके करियर, व्यवसाय या शौक को बढ़ावा देने के लिए आसानी से शानदार कंटेंट बनाने में सक्षम बनाने के लिए, एयरटेल के साथ साझेदारी करके करोड़ों भारतीयों तक मुफ्त में एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम लाने के लिए उत्साहित हैं।”
इस तरह, Airtel और Adobe की यह साझेदारी डिजिटल टूल्स को भारत के आम उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह ऑफर उन लाखों लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका है, जो अब तक बजट या तकनीकी जटिलता की वजह से प्रोफेशनल-लुक कंटेंट नहीं बना पा रहे थे।

